प्रगणक और सुपरवाइजर 30 सितंबर तक घर-घर जाकर करेंगे मैपिंग एवं जनगणना संबंधी कार्य–
गोपेश्वर, 02 सितंबर 2026: जनगणना-2027 के तहत जनपद चमोली के हिमाच्छादित और दुर्गम राजस्व ग्रामों में दूसरे चरण की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन देश के प्रथम गांव माणा से स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की गई। यहां प्रगणकों की ओर से परिवारों से जनगणना से संबंधित करीब 50 प्रश्न पूछे जा रहे हैं।

तहसीलदार महेंद्र आर्य ने बताया कि एक सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रगणक और सुपरवाइजर हिमाच्छादित एवं दुर्गम गांवों में घर-घर जाकर मैपिंग और जनगणना संबंधी कार्य पूरा करेंगे। इस दौरान परिवारों से निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक से पांच अक्टूबर 2026 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। जनगणना की प्रक्रिया के तहत दूरस्थ गांवों में रहने वाले परिवारों का विवरण भी दर्ज किया जा रहा है।

