शासन से मिली बाईपास मार्ग निर्माण के लिए प्रथम चरण की स्वीकृति, 20 लाख रुपये भी हुए आवंटित–
गोपेश्वरः नंदानगर विकास खंड मुख्यालय पर दिनभर लगने वाले वाहनों के जाम से अब स्थानीय लोगों को मुक्ति मिल जाएगी। विकास खंड मुख्यालय को सीधे सड़क से जोड़ने के लिए चार किलोमीटर बाईपास मार्ग के निर्माण को सरकार ने हरी झंडी दे दी है। यह सड़क बिजार गांव से डेमबगड़ होते हुए नागबगड़ तक आएगी। इससे यहां ब्लॉक मुख्यालय सड़क से जुड़ जाएगा। साथ ही सड़क आने से नंदानगर में हेलीपेड और खेल मैदान की सुविधा भी मिल जाएगी।
नंदानगर के सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह राणा ने बताया कि वे लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग उठा रहे थे। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा की संस्तुति पर बिजार-नागबगड़-ब्लॉक मुख्यालय बाईपास सड़क के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। सड़क पर बिजार में पुल भी निर्मित होगा।
वन भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बाईपास मार्ग का निर्माण शुरू हो जाएगा। लक्ष्मण सिंह राणा ने बाईपास मार्ग के निर्माण को स्वीकृति मिलने पर विधायक भूपाल राम टम्टा का स्वागत किया है। कहा कि नंदानगर में विधायक का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। इसके अलावा सेरा-मोख-कुंडी सड़क पर धर्मा मोटर पुल से चौमासी तक सड़क निर्माण की प्रथम चरण की स्वीकृति भी मिल गई है। यह सड़क दो किलोमीटर तक निर्मित होगी।


