पिछले दो माह से अमृत गंगा पेयजल योजना पर हो रही पानी की किल्लत, लोग हो रहे परेशान–
गोपेश्वर, 08 दिसंबर 2025: गोपेश्वर नगर में बीते दो माह से हो रही पेयजल किल्लत को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने जल निगम कार्यालय में जाकर अधिशासीअभियंता का घेराव किया। जल संस्थान के अधिशासीअभियंता को भी वहीं बुलाया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने नगर के लिए दूसरी पेयजल योजना निर्माण करने और अमृत गंगा पेयजल योजना को शीघ्र जल संस्थान को हेंडओवर करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पानी की सप्लाई न होने से नगर की करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है।
कहा कि पानी के बिल जल संस्थान की ओर से भेजे जा रहे हैं और पानी की सप्लाई जल निगम देख रहा है। आए दिन पानी की सप्लाई बाधित होने से लोग जलस्रोताें पर निर्भर हैं। नगर के लिए पानी की अतिरिक्त पेयजल योजना निर्माण की मांग उठाई गई।
चेतावनी दी गई कि यदि एक माह के भीतर पानी की सुचारु सप्लाई और योजना जल संस्थान को हेंडओवर नहीं की गई तो जल निगम के खिलाफ जन आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
यहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र सेमवाल, पूर्व बीकेटीसी सदस्य वीरेंद्र असवाल, राजेंद्र ममगाईं, रोहिताश पुरोहित, महेंद्र सिंह राणा, लोकेश रावत व अन्य लोग मौजूद रहे।


