17 मार्च से गायब है सुभम, लोकेशन मिली श्रीनगर, सीसीटीवी में श्रीकोट में पैदल चलते दिखा–
गोपेश्वर, 21 मार्च 2026: चमोली जनपद के नंदानगर विकास खंड के बैरासकुंड (गणेशपुर) का युवक सुभम पिछले पांच दिनों से लापता चल रहा है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी सेलाकुईं थाने में दर्ज कराई है। परिजनों ने भी कई जगहों पर उसकी ढूंढखोज कर दी, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बैरासकुंड, गणेशपुर निवासी शांति प्रसाद नौटियाल ने सुभम के लापता होने की सूचना कोतवाली गोपेश्वर पुलिस को दी है। शांति प्रसाद ने बताया कि उनके भाई प्रेम बल्लभ नौटियाल का 26 साल का बेटा सुभम नौटियाल देहरादून में रहता है और सेलाकुईं में प्राइवेट नौकरी करता है। 17 मार्च को वह सेलाकुईं के लिए निकला, मगर कंपनी में नहीं पहुंचा। जब शाम तक भी वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने सेलाकुईं थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्हाेंने बताया कि पुलिस को सुभम की लोकेशन श्रीनगर गढ़वाल में मिली। जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो सुभमश्रीकोट में पैदल चलते हुए दिखाई दे रहा है।
शांति प्रसाद नौटियाल ने कोतवाली पुलिस से सुभम की खोजबीन करने की मांग उठाई है। साथ ही रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, श्रीकोट, गौचर, कर्णप्रयाग, गोपेश्वर क्षेत्र में भी नाते-रिश्तेदार तथा दोस्तों से सुभम की ढूंढखोज में मदद करने की गुहार लगाई है।


