गैस की समस्या को लेकर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी के साथ थी बैठक, नहीं पहुंचे पूर्ति अधिकारी–
गोपेश्वर, 15 अप्रैल 2026: पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने रसोई गैस की किल्लत को लेकर जिलाधिकारी से भेंट की और बैठक कर शीघ्र जनपद में लोगों को व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की पर्याप्त आपूर्ति करने के लिए कहा। इस दौरान डीएम गौरव कुमार ने जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाया। लेकिन काफी इंतजार करने के बाद भी जब पूर्ति अधिकारी नहीं पहुंचे तो डीएम खासे नाराज हुए। उन्होंने इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
व्यावसायिक गैस की किल्लत से होटल व्यवसायी खासे परेशान हैं। खासकर यात्रा शुरू होने वाली है लेकिन अभी तक व्यावसायिक गैस सिलिंडर को लेकर किल्लत बनी हुई है। इस समस्या को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता राजेंद्र भंडारी बुधवार को व्यापारियों के साथ जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे।
डीएम ने गैस की वास्तविक स्थिति जानने और यात्रा को लेकर की जा रही तैयारी की स्थिति की जानकारी लेने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को सभागार में बुलाया। सभागार में डीएम गौरव कुमार और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व व्यवसायी इंतजार करते रहे। करीब 45 मिनट इंजतार करने के बाद भी जिला पूर्ति अधिकारी वहां नहीं पहुंचे। काफी देर बाद विभाग के निरीक्षक वहां पहुंचे, लेकिन उनके पास गैस को लेकर पर्याप्त जानकारी नहीं थी। जिसके चलते बैठक नहीं हो पाई।


