आज बिरही के एक होटल में जानी थी बरात, शादी की खुशियां मातम में बदली–
चमोली। थराली के कुलसारी क्षेत्र में एक युवक शादी से एक दिन पहले फंदे पर लटका मिला। इस घटना से पूरा गांव सदमे में है। घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो गई थी। मृतक के भाई की शादी भी पांच दिन बाद होनी थी। मौत के कारणों का अभी तक भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने बताया कि शिक्षक हरीश चंद्र का बेटा आदित्य जोशी पीएचडी करने के बाद कनाड़ा में नौकरी कर रहा था, उसका विवाह समारोह 26 अप्रैल यानि आज था। जबकि हरीश चंद्र के दूसरे बेटे की शादी भी 30 अप्रैल को होनी थी। घर में विवाह समारोह की तैयारियां जोर-जोश से चल रहीं थी। टेंट भी लग गया था। दुल्हल पक्ष की ओर से शादी का आयोजन बिरही में एक होटल में किया गया था। दूल्हन की ओर से मेहमान भी आ गए थे। शादी की सभी तैयारियां चल रही थी। शनिवार को सुबह जब परिजन आदित्य के कमरे में गए तो वह फंदे पर लटका मिला।
इस घटना को देख सबके होश उड़ गए। वहां अफरा-तफरी मच गई। शादी की सभी खुशियां मातम में बदल गई। दुल्हद पक्ष के यहां भी जब यह सूचना पहुंची तो वहां भी सभी तैयारियां मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि जिस लड़की के साथ शादी होने जा रही थी, वह एमबीबीएस डॉक्टर थी। इस घटना से कुलसारी गांव में मातम का माहौल है।
इस घटना के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर वह कौन सी मजबूरी थी कि शादी से एक दिन पहले ही दूल्हे ने गले में फंदा लगा लिया। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच करने की बात कह रही है।

